राजनीति
भारत की सबसे ताज़ा खबरें और वायरल कहानियाँ प्राप्त करें जो राष्ट्रीय घटनाओं और स्थानीय ट्रेंड्स पर आधारित हैं।

भारतीय जनप्रतिनिधियों ने मनाया 75वें गणतंत्र दिवस का जश्न

भारत 26 जनवरी 2024 को अपना 75 गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन हो रहा है।
Sputnik
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की थीम "विकसित भारत और भारत-लोकतंत्र की मातृका" है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और बहादुर दिवंगत सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर मोदी ने देश के 75वें गणतंत्र दिवस के महत्वपूर्ण अवसर पर भारत के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा "इस ऐतिहासिक अवसर पर हम सभी भारत को एक सशक्त एवं विकसित देश के रूप में स्थापित करने के संकल्प को मज़बूत करें।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेंगलुरु में कर्नाटक पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा "संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक और बुनियादी अधिकारों की रक्षा करना हमारी आजीवन प्रतिबद्धता है।"

कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने भी गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "स्वतंत्रता आंदोलन के सपनों को एक सूत्र में पिरोने वाला हमारा महान संविधान भारतीय गणतंत्र की आत्मा है। संविधान के मूल सिद्धांतों की रक्षा और उनके प्रति निष्ठा ही अमर स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि है। सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं।"

इस बीच भारत में रूसी दूतावास में 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जश्न मनाया गया। इस दौरान एंबेसी ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें रंग-बिरंगे मनोभावन परिधानों में लोग भारतीय हिंदी गानों पर थिरकते दिखे।
भारत-रूस संबंध
पुतिन ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए भारत की उपलब्धियों का उल्लेख किया
विचार-विमर्श करें