रूस की खबरें

2024 राष्ट्रपति चुनाव रूस और विश्व के लिए अत्यधिक महत्व रखते हैं: भारत में रूसी राजदूत

रूस में राष्ट्रपति पद के लिए शुक्रवार से शुरू हुआ तीन दिवसीय चुनाव अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में हो रहा है, जिस पर विश्व भर की निगाहें टिकी हैं।
Sputnik
रूसी राष्ट्रपति पद के लिए चार उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं जिन में व्लादिमीर पुतिन, कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार निकोलाई खारितोनोव; लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार लियोनिद स्लटस्की; न्यू पीपल पार्टी के उम्मीदवार व्लादिस्लाव दावानकोव सम्मिलित हैं।
इसी कड़ी में Sputnik India ने जब नई दिल्ली में विदेशी मतदान केंद्र पर जारी चुनाव के संबंध में भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव से प्रश्न किया कि अब तक चुनाव का संचालन कैसा चल रहा है और तीन-दिवसीय चुनाव के लिए भारत में कितने मतदान केंद्रों को स्थापित किया गया है तो उन्होंने कहा कि "आज हम यहां भारत में रूसी संघ के राष्ट्रपति के चुनाव में मतदान कर रहे हैं। हमने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और गोवा में पांच मतदान केंद्र खोले हैं।"

"मतदान केंद्र सुबह 8 बजे खुले हैं और शाम 8 बजे बंद हो जाएंगे। मतदान सुचारु रूप से चल रहा है। रूसी नागरिक आ रहे हैं। हमें मतदाताओं की बड़ी संख्या की आशा है। मैंने कल ट्विटर [एक्स] पर पढ़ा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोस्ट किया कि भारत लोकतंत्र के महान उत्सव से गुजर रहा है। और मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि आज हम महानतम भारतीयों के बीच लोकतंत्र का अपना त्योहार मना रहे हैं," रूसी राजदूत ने Sputnik India को बताया।

वस्तुतः भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व वाले भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा की। 543 लोकसभा सीटों के लिए आम चुनाव 19 अप्रैल से आरंभ होकर सात चरणों में होंगे। और मतगणना 4 जून को होगी।

"दूतावास में अधिकारी और रूसी नागरिकों के विभिन्न संगठनों के महान प्रतिनिधि जो भारत में विभिन्न संगठनों का प्रतिनिधित्व करते हैं, निश्चित रूप से आएंगे जैसा कि हम उम्मीद करते हैं, लेकिन हम पर्यटकों के आने की भी उम्मीद करते हैं, छात्रों [के आने की भी उम्मीद करते हैं], जो वर्तमान में विभिन्न भारतीय विश्वविद्यालयों में पढ़ते हैं," अलीपोव ने कहा।

इसके अतिरिक्त उन्होंने रेखांकित किया कि "यह रूस में मुख्य चुनाव है। रूस के अगले नेता, रूसी संघ के अगले राष्ट्रपति के लिए प्रत्यक्ष मतदान है। और, निःसंदेह यह रूस के लोगों की स्वतंत्र इच्छा की जीत को प्रदर्शित करेगा और लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने के देश के संकल्प को प्रदर्शित करेगा।"

"मुझे लगता है कि चुनाव रूस और विश्व के लिए अत्यधिक महत्व रखते हैं। जैसा कि मैं कहता हूं, हम अपने देश में स्थापित लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रदर्शन करते हैं," रूसी राजदूत ने कहा।

बता दें कि रूसी संघ में राष्ट्रपति चुनावों के दौरान 129 देशों के 1115 अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक कार्य कर रहे हैं जो चुनाव के उत्साहपूर्ण वातावरण और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया देख अभिभूत हैं।
रूस की खबरें
रूसी चुनावी व्यवस्था अन्य कई देशों की तुलना में अधिक पारदर्शी: भारतीय पर्यवेक्षक
विचार-विमर्श करें