मंत्रालय के मुताबिक, रूसी सेना के 'त्सेंत्र' ग्रुप के क्षेत्र में यूक्रेन के 345 से ज्यादा सैनिक मारे गए।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "यूक्रेन ने 345 से अधिक सैनिक, 5 बख्तरबंद लड़ाकू वाहन, 8 मोटर वाहन, एक इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर स्टेशन और 2 फील्ड आर्टिलरी गन गंवाए। इनमें अमेरिका में बनी 155 मिमी M777 हॉवित्जर भी शामिल है।"
रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि रूसी सेना के 'सेवेर' समूह ने 180 से अधिक, 'वोस्तोक' समूह ने 285 से अधिक, 'ज़ापद' समूह ने 190 से अधिक, 'यूग' समूह ने 160 तक, और 'द्नेपर' समूह ने 40 तक यूक्रेनी सैनिकों को मार गिराया।
जारी बयान के मुताबिक, रूस के फाइटर जेट, लड़ाकू ड्रोन, मिसाइल बलों और तोपखाने ने यूक्रेन के 152 इलाकों में हमले किए। इन हमलों में उन औद्योगिक, ऊर्जा और परिवहन सुविधाओं को निशाना बनाया गया, जो यूक्रेनी सेना की जरूरतों के लिए इस्तेमाल हो रही थीं। साथ ही यूक्रेन के ड्रोन भंडारण केंद्रों तथा यूक्रेनी सैनिकों और विदेशी भाड़े के लड़ाकों के अस्थायी ठिकाने भी निशाने पर रहे।
इसके अलावा रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने यूक्रेन के 259 ड्रोन और 12 निर्देशित हवाई बमों को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया।