यह इस क्रम की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी। यह जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी जिसमें हाउस लिस्टिंग (HLO) और जनसंख्या गणना (PE) के लिए 1 मार्च, 2027 को संदर्भ तिथि के रूप में निर्धारित किया गया है।
वहीं लद्दाख, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे बर्फाच्छादित प्रदेशों के लिए संदर्भ तिथि 1 अक्टूबर, 2026 तय की गई है।
पहली बार, जनगणना डिजिटल रूप से 'स्व-गणना' के विकल्प के साथ आयोजित की जाएगी, जो बुधवार यानी 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलेगी। मकानों की सूची बनाने और आवास जनगणना का कार्य 16 अप्रैल से शुरू होगा और 15 मई तक जारी रहेगा।
इसमें इमारतों की जियो-टैगिंग और प्रत्येक संरचना को एक विशिष्ट पहचान संख्या आवंटित करना भी शामिल होगा।
दूसरे चरण की प्रक्रिया, जो कि जनसंख्या गणना है, अगले वर्ष यानी 2027 में फरवरी महीने के दौरान आयोजित किया जाएगा। जाति-गणना भी इसी चरण का हिस्सा होगी।