मंत्रालय के बयान में कहा गया, "पिछले 24 घंटों में यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने तोपों, मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम, मोर्टार और टैंकों का इस्तेमाल करते हुए हमारे सैनिकों की पोजीशन पर 676 बार गोलाबारी की। इसके अलावा, मानव रहित विमानों की मदद से 6,331 हमले किए गए।"
बयान के मुताबिक, यूक्रेनी सैनिकों ने रूसी पोजीशन पर आठ हमले भी किए।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि विशेष सैन्य अभियान क्षेत्र में रूसी सेना युद्धविराम का सख्ती से पालन कर रही है और पहले से कब्जे वाली पोजीशन पर ही बनी हुई है।
मंत्रालय ने बयान में कहा, "रूसी संघ के सशस्त्र बलों के सुप्रीम कमांडर-इन-चीफ, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के फैसले के अनुसार, विजय की 81वीं वर्षगांठ के दौरान 8 मई को मॉस्को समयानुसार रात 00:00 बजे से सभी रूसी सैन्य समूह विशेष सैन्य अभियान क्षेत्र में युद्धविराम का सख्ती से पालन कर रहे हैं और पहले से कब्जे वाली अग्रिम लाइनों और पोजीशन पर बने हुए हैं।"
मंत्रालय ने आगे कहा कि यूक्रेन की ओर से युद्धविराम उल्लंघनों का रूसी सेना ने उसी तरह जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में फायरिंग पोजीशन और ड्रोन कंट्रोल पॉइंट्स को निशाना बनाया गया।
रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम के दौरान ऑपरेशनल और टैक्टिकल एयरक्राफ्ट, अटैक ड्रोन, मिसाइल फोर्सेज और आर्टिलरी यूनिट्स की ओर से कोई हमला नहीं किया गया।