डिफेंस
भारतीय सेना, इसके देशी और विदेशी भागीदारों और प्रतिद्वन्द्वियों की गरमा गरम खबरें।

हिंद महासागर में पहली बार भारत-अफ्रीका करेंगे बड़ा साझा अभ्यास

यह अभ्यास समुद्री डकैती, तस्करी, अवैध क्षेत्र में मछली पकड़ने आदि जैसी आम चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक नौसैनिक शक्ति का विकास करेगा। भारतीय रक्षा मंत्री इस अभ्यास का उद्घाटन करने के लिए उपस्थित रहेंगे।
Sputnik
भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में अपने मित्र देशों के साथ मिलकर सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए दो बड़े साझा अभ्यास करने जा रही है। भारत और 10 अफ्रीकी देश मिलकर 13 से 18 अप्रैल तक तंजानिया तट के पास नौसैनिक अभ्यास करेंगे।
इसके साथ ही 5 अप्रैल से 8 मई तक भारतीय नौसैनिक युद्धपोत INS सुनयना को दक्षिण-पश्चिमी हिंद महासागर में तैनात किया जाएगा जिसमें भारत सहित 10 देशों के नौसैनिक होंगे। यह साझा क्रू एक महीने से ज्यादा समय तक समुद्र में सुरक्षा, चौकसी और आपदा राहत का अभ्यास करेगा।

भारतीय नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि अफ्रीकी देशों की नौसेनाओं के साथ इस तरह का साझा अभ्यास पहली बार हो रहा है और इसके हर दो साल में एक बार करने की योजना है। इस अभ्यास को Africa India Key Maritime Engagement या AIKEYME (एकम) नाम दिया गया है।

संस्कृत में एकम का अर्थ एकता होता है और इस अभ्यास के ज़रिए क्षेत्र की अलग-अलग नौसेनाएं साथ मिलकर काम करने में पारंगत होंगी। एकम का आयोजन भारतीय नौसेना और तंजानिया की सेना साथ मिलकर कर रही हैं और यह तंजानिया के बंदरगाह दार-एस-सलाम के पास किया जाएगा।
Indian Ocean ship (IOS) Sagar 5 अप्रैल से शुरू होकर 8 मई तक चलेगा, जिसमें भारतीय युद्धपोत INS सुनयना में भारत के अलावा कोमोरोस, केन्या, मैडागास्कर, मालदीव्स, मॉरीशस, मोजांबिक, सेशेल्स, श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के नौसैनिक तैनात होंगे। एक महीने से ज्यादा समय तक चलने वाले इस अभ्यास में मित्र देशों के नौसैनिक कोच्चि में भारतीय नौसेना के ट्रेनिंग स्कूल और बाद में INS सुनयना में प्रशिक्षण लेंगे।
INS सुनयना एक महीने से ज्यादा समय तक हिंद महासागर में तैनात रहेगा इस दौरान यह युद्धपोत दार-एस-सलाम, नकाला, पोर्ट लुइस, पोर्ट विक्टोरिया, माले बंदरगाहों पर जाएगा। साथ ही तंजानिया, मोजांबिक और मॉरिशस के Exclusive Economic Zone यानी EEZ में साझा निगरानी का काम करेगा।
डिफेंस
रूसी नौसेना बलों ने ओशन-2024 सामरिक अभ्यास आरंभ किया
विचार-विमर्श करें